मुरादनगर। सावन की शिवरात्रि में अभी करीब 12 दिन शेष हैं, लेकिन कांवड़ यात्रा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने बुधवार से गंग नहर पटरी पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी है। विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाए जाने से आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस ने मेरठ रोड से गंग नहर पटरी की ओर जाने वाले मार्ग, गंग नहर रेगुलेटर और सौंदा पुल सहित कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर रास्ते बंद कर दिए हैं। इसके चलते दर्जनों गांवों के लोगों व मेरठ-सवाल खास क्षेत्र की ओर आने-जाने वालों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। गंग नहर पटरी पर स्थित अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
हर वर्ष सावन में शिवभक्त हरिद्वार और गोमुख से गंगाजल लेकर अपने-अपने शिवालयों में जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान मुरादनगर से मंगलौर तक गंग नहर पटरी मार्ग पर बड़ी संख्या में कांवड़ियों की आवाजाही रहती है। इसी को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने समय से पहले यातायात प्रतिबंध लागू कर दिया है।
डीसीपी ग्रामीण जोन सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए उनकी सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए गंग नहर पटरी पर वाहनों का आवागमन अस्थायी रूप से बंद किया गया है।