शिकारपुर। मोहर्रम की चौथी तारीख पर शिकारपुर में मातमी जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए और हजरत इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। जुलूस नगर के मोहल्ला रंग महल स्थित चौक से शुरू होकर मोहल्ला गंज सादात, लाल दरवाजा, मोहल्ला थाना, मोहल्ला खेल, बड़ा बाजार, छोटा बाजार, सराफा बाजार, इमली वाला बाजार होता हुआ मियां मिल्लन चौक में संपन्न हुआ।
इस दौरान सोगवार काले वस्त्र धारण कर ढोल और ताशे बजाते हुए मातम करते चल रहे थे। हुसैन के नारों से माहौल गमगीन बना रहा। जुलूस में शामिल लोगों ने कर्बला की कुर्बानी को याद करते हुए शोक व्यक्त किया। जुलूस में सफात हुसैन, मुमताज हैदर, अनवर हैदर, हैदर मेहंदी, मोहम्मद अब्बास, नकी अब्बास, मोहम्मद मियां, गुलाम असकरी सहित अनेक अकीदतमंद मौजूद रहे। जुलूस के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। संवाद