साहिबाबाद। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले एमएमजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
नोएडा सेक्टर-22 निवासी शिवम कुमार ने कौशांबी थाने में शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि उनका छोटा भाई कृष्णा 25 जून की तड़के करीब साढ़े चार बजे मोहन नगर से नोएडा जा रहा था। मैक्स रेड लाइट के पास यूपी गेट की ओर जाते समय पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायल को जिला एमएमजी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे आरएमएल अस्पताल रेफर कर दिया। शिवम ने बताया कि 2 जुलाई को उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।