लोनी। बॉर्डर थानाक्षेत्र के दिल्ली सहारनपुर मार्ग जौहरीपुर मेट्रो स्टेशन के पास मंगलवार दोपहर सड़क किनारे खड़े ट्रक में बाइक घुस गई। हादसे में बाइक सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को मामले की सूचना दी।
मूलरूप से ग्राम खानपुर थाना पुरा महादेव बागपत निवासी मुकेश (43) परिवार के साथ लोनी के केशवनगर कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे। पुलिस ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब दो बजे थाना पुलिस को सूचना मिली कि सड़क किनारे ट्रक खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायल को तत्काल दिल्ली के जीटीबी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्या ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।