वैशाली। सेक्टर-चार स्थित गेटवे टावर्स सोसायटी में सोमवार देर रात 11 बजे लिफ्ट में सात मिनट मां और बेटे फंसे रहे। इलेक्ट्रीशियन के आने के बाद लिफ्ट को खोलकर मां और बेटे को बाहर निकाला गया। पीड़ित ने कौशांबी थाना सहित मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, जिलाधिकारी से शिकायत की है।
अधिवक्ता मोहम्मद फ़ुज़ैल खान गेटवे टॉवर्स सोसायटी में चौथी मंजिल पर परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे ईद का सामना देने ससुर सोसायटी में आए थे। सामान ज्यादा होने की वजह से पत्नी लिफ्ट से सामान ले जा रही थी। दूसरी बार सामान लेने के लिए पत्नी और बेटा नीचे आ रहे थे। तभी लिफ्ट बंद कर दिया। जिससे दोनों लोग सात मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहे। उन्होंने बताया कि उसी समय सोसायटी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष और सचिव टहल रहे थे। उन्होंने लिफ्ट को बंद करने को गार्ड को बोला था। जबकि ससुर ने गार्ड को बोला की लिफ्ट में मेरी बेटी और नाती है। बावजूद गार्ड ने लिफ्ट को बंद कर दिया। उन्होंने बताया कि आरडब्ल्यूए से सीसीटीवी फुटेज मांगा जा रहा है, मगर वह देने से मना कर रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गृह सचिव, जीडीए वीसी, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष योगेश गुप्ता ने बताया कि सोसायटी में चार टॉवर में 8 लिफ्ट लगा हुआ है। बिजली बचाने के लिए रात 12 बजे से 5 बजे तक हर टॉवर का एक लिफ्ट बंद कर दिया जाता है। बेसमेंट में जाकर लिफ्ट को बंद करना होता है। सोमवार रात इलेक्ट्रीशियन लिफ्ट को बंद करने से पहले भूतल पर लाया था। उसी समय लिफ्ट को ऊपर बुला लिया गया। जानकारी मिलने के महज दो से ढाई मिनट में लिफ्ट खोलकर मां और बेटे को बाहर निकाल लिया गया।