नरौरा। सड़क दुर्घटना में मां और तीन माह की बेटी की मौत हो गई। महिला अपने पति के साथ बाइक पर मायके से ससुराल आ रही थी। मां, बेटी की सड़क हादसे में मौत की खबर मिलते ही मायके और ससुराल में मातम छा गया। परिवार के लोग दौड़ते घटना स्थल पर पहुंचे। सड़क हादसे में मां, बेटी की मौत से मायके, ससुरालियों का रो-रोककर बुरा हाल है। वहीं, हादसे को लेकर दोनों के गांव में भी शोक छाया हुआ है।
पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना क्षेत्र के गांव उदयगढ़ी निवासी महाप्रकाश ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री निकिता की शादी दो वर्ष पहले जनपद अलीगढ़ के अतरौली थाना क्षेत्र के गांव नगला लोधा निवासी वीरपाल सिंह के साथ की थी।
निकिता अपनी तीन माह की बेटी संध्या के साथ मायके आई हुई थी। वीरपाल निकिता को लेने के लिए आए थे। सोमवार की देर शाम वीरपाल निकिता और तीन माह की बेटी संध्या को बाइक से लेकर घर जाने के लिए चले थे।
रामघाट अतरौली मार्ग पर अलीगढ़ बॉर्डर के निकट सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक की साइड लगने से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में निकिता और तीन माह की संध्या गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अलीगढ़ के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान निकिता, संध्या की मौत हो गई। रामघाट थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया है। घटना के संबंध में तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।