लोनी। ट्रोनिका सिटी पुलिस ने बृहस्पतिवार को धक्का-मुक्की में हुई बुजुर्ग की मौत के मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आरोपी मां बेटी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दिल्ली से पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि गिरफ्तार की गई गुड्डी और महक निवासी खानपुर मोड़, रामपार्क है। इन दोनों पीड़ित आदिल की सास और साली हैं। आदिल मलिक ने एक अक्तूबर 2026 को ट्रोनिका सिटी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया गया कि गुड्डी, महक, समीर और अन्य लोगों ने उनसे और उनकी मां के साथ गाली-गलौज की। उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि घर पर आकर आरोपियों ने उनकी मां के साथ धक्का-मुक्की की और गिरने से उनकी मौत हो गई। एसीपी ने बताया कि गुड्डी और महक को पकड़्र लिया है। पूछताछ के दौरान गुड्डी ने बताया कि बड़ी बेटी खुशबू का निकाह आदिल मलिक से हुआ है और ससुराल वाले उसे परेशान कर रहे है। एक अक्तूबर 2026 को वह अपनी छोटी बेटी महक और बेटे समीर के साथ बेटी खशबू के ससुराल गई थी। वहां आदिल के परिवार के साथ पारिवारिक बातों को लेकर कहासुनी और झगड़ा हुआ, जिससे आदिल की मां को चोट लगी और उनकी मौत हो गई।
-