गाजियाबाद/ साहिबाबाद। इजहार-ए-इश्क को शहर के दुकानों से एक-एक कर करीब एक लाख से अधिक गुलाब बिक गए और शाम तक बुके स्टॉल पर लाल गुलाब की कमी पड़ गई। दुकानों पर देर शाम जब लोग गुलाब खरीदने पहुंचे तो उन्हें इसकी कीमत दोगुना चुकानी पड़ी।
गुलाबों की अत्यधिक मांग रेस्तरां व होटल के बाहर लगी दुकानों पर अधिक रही। गुलाब विक्रेताओं ने बताया कि आम तौर पर वैलेंटाइन पर गुलाब की मांग रहती ही है। विक्रेताओं का कहना है कि शुक्रवार को गुलाब की बिक्री गिनती में ही हुई है वह एक बिका या फिर गुच्छे में। वैशाली में फूल बेच रहे राम कुमार गुप्ता ने बताया कि एक गुलाब की कीमत सुबह से ही 50 रुपये रखी गई थी, वहीं जो लोग गुलाबों का गुच्छा ले रहे हैं तो उनमें एक गुलाब की कीमत 20 व 30 रुपये लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि कोई भी दुकान ऐसा नहीं जहां 200 से कम गुलाब बिके हों, रेस्तरां व होटल के बाहर लगी दुकानों पर 500 से 1000 गुलाब शाम तक बिक गए। वैशाली, इंदिरापुरम, कौशांबी व मोहन नगर जोन पर में फूलों के कम से कम 100 से अधिक दुकानें हैं। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि एक लाख व इससे भी अधिक गुलाब की बिक्री शुक्रवार को हुई।
मॉल मल्टीप्लेक्स में रही युवाओं की भीड़
वेलेंटाइन डे के मौके पर होटल और रेस्टोरेंट के बाहर युवाओं की अच्छी भीड़ देखने को मिली। पीवीआर और मूवी टिकट लेने के लिए युवा लाइन में लगे भी नजर आए। इसके अलावा कई मॉल्स में लाइव सिंगिंग परफार्मेंस भी आयोजित किए गए। इसके चलते कई लोग अपने प्रियजनों के साथ वहां आते दिखाई दिए।
मुहूर्त की वजह से भी रही फूलों की मांग
शुक्रवार को वैलेंटाइन के साथ ही विवाह का मुहूर्त भी था। ऐसे में न केवल गुलाब बल्कि अन्य फूलों की भी मांग अधिक रही। इंदिरापुरम के फूल विक्रेता मीरा ने बताया कि विवाह का मुहूर्त होने से मंडप जयमाला और गाड़ी की सजावट में भी फूल बिके। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को पंद्रह हजार तक एक गाड़ी को फूलों से सजाया गया।
सुबह से शाम तक दिखा वैलेंटाइन डे का उत्साह
गाजियाबाद में सुबह से लेकर शाम तक शुक्रवार को शहर भर में वेलेंटाइन डे का उत्साह दिखा। मॉल-मल्टीप्लेक्स और रेस्टोरेंट में जोड़े पहुंचें। उपहार देने के लिए चौधरी मोड़ स्थित फूल मंडी में सुबह से गुलाब के फूलों की खरीददारी हुई। इसके अलावा जगह-जगह दिल के आकार के गुब्बारे बिके।
वर्किंग डे होने के बावजूद मॉल, मल्टीप्लेक्स में युवाओं की खासी भीड़ रही। शहर के कई मॉल के गेट पर दिल के आकार के फूलों की सजावट की गई थी जहां पर जोड़ों ने फोटो खिंचवाए और सेल्फी ली वहीं एक निजी मॉल के कस्टमर रिलेशनशिप मैनेजर अतीक सैफी ने बताया कि आम दिनों में जहां फुटफॉल काफी कम रहता है वर्किंग डे होने बाद भी शुक्रवार को फुटफॉल काफी अधिक रहा। मॉल मैनेजर मुक्तेश्वर मिश्रा ने पूरे वेलेंटाइन वीक में फिल्मों के सभी शो हाउसफुल रहे हैं। शुक्रवार को छावा मूवी के पहले दिन का शो भी हाउसफुल गया। शादीशुदा कपल और परिवार सहित लोग भी मॉल में पहुंचे और फूड कोर्ट में खाना पीना एन्जॉय किया।
मंडप गाड़ी और जयमाला की सजावट में लगे ये फूल
- गुलाब
- जूही
- कमल
-गेंदा
- लिली
गाड़ियों की सजावट के रेट और इस्तेमाल होने वाले फूल
- 5000 - गुलाब के फूल, रिब्बन, और गुलाब की पत्तियों से की गई सजावट
- 10,000 - गुलाब के फूल, रिब्बन, गुलाब की पत्तियां, गेंदा ,जूही से की गई सजावट
- 15,000 - गुलाब, जूही, कमल,गेंदा, लिली के फूलों समेत रिब्बन, गुलाब की पत्तियों से की गई सजावट
-