स्वतंत्रता दिवस पर झंडारोहण के लिए विकास भवन के 50 से अधिक अधिकारी कर्मचारी अनुपस्थित रहे। सीडीओ अभिनव गोपाल ने इसपर नाराजगी जाहिर करते हुए सभी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
सीडीओ अभिनव गोपाल ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर सभी को उपस्थित रहने के आदेश के बावजूद बड़ी संख्या में अधिकारी अनुपस्थित रहे, जिसमें डीपीओ मनोज पुष्कर, अर्थ एवं संख्या अधिकारी राजीव कुमार श्रीवास्तव, एई लघु सिंचाई हिमांशु गौतम, भूगर्भ जल नोडल अधिकारी सृष्टि जायसवाल, सहायक निदेशक मत्स्य रिचा चौधरी सहित 50 कर्मचारी भी अनुपस्थित रहे। 12 अगस्त को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 15 अगस्त के कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में बैठक हुई, जिसमें सभी सरकारी, अर्धसरकारी भवनों, तहसील, ब्लॉक नगर निकायों में सुबह आठ बजे ध्वाजारोहण करने और उसके बाद विचार गोष्ठी, पौधारोपण के कार्यक्रम करने के निर्देश थे। सीडीओ ने बताया कि जो भी अधिकारी कर्मचारी अनुपस्थित रहे हैं उनका एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए गए हैं।