साहिबाबाद। हिंडन एयरपोर्ट से पंजाब के आदमपुर और महाराष्ट्र के नांदेड़ के लिए 31 मार्च से शुरू हुई फ्लाइट को बेहतर रिस्पांस मिल रहा है। 12 दिनों में अब तक इन दोनों शहरों के लिए 1200 से अधिक लोग उड़ान भर चुके हैं।
हिंडन एयरपोर्ट से वर्तमान में पांच शहरों के लिए लगातार उड़ान भरी जा रही है जबकि देहरादून और पिथौरागढ़ की उड़ानें रद्द हैं। एयरपोर्ट की निदेशक वी. सरस्वती ने बताया कि स्टार एयर की 78 सीटर आदमपुर और नांदेड की फ्लाइट हर दिन लगभग फुल सीट पर यात्रियों को लेकर उड़ान भर रही है। इन शहरों के लिए शुरू हुई उड़ान के बाद से हिंडन एयरपोर्ट पर लोगों की चहलकदमी बढ़ गई है। निदेशक ने बताया कि हर दिन तकरीबन 200 से अधिक यात्री एयरपोर्ट पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रयास किया जा रहा है कि और भी अन्य शहरों के लिए जल्द ही उड़ान शुरू की जा सके। अब सभी पर चुनाव के बाद ही कोई मुहर लग सकेगी।
इनसेट
देहरादून और पिथौरागढ़ के लिए थम गई उड़ान
हिंडन एयरपोर्ट से देहरादून और पिथौरागढ़ के लिए फिलहाल उड़ान थमी हुई है। यात्री न मिलने की वजह से इन दोनों शहरों की फ्लाइट लंबे समय से रद्द चल रही है। देहरादून के लिए वर्ष 2023 में और पिथौरागढ़ के लिए फरवरी 2024 में फ्लाई विंग एयरलाइंस कंपनी की ओर से 18 सीटर विमान शुरू की गई थी।
इनसेट
आदमपुर और नांदेड़ की सभी सीटें होती है बुक, भटिंडा लुधियाना को कम
एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि सबसे अच्छा रिस्पांस पंजाब के आदमपुर (जालंधर) और महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर की फ्लाई को मिल रहा है। इन दोनों शहरों के मुकाबले राजस्थान की किशनगढ़ के लिए भी कम यात्री आ रहे हैं। वहीं, भटिंडा और लुधियाना भी 50 से 60 फीसदी यात्री के साथ हर रोज उड़ान भर रही है।