गणेश चतुर्थी पर मूर्ति विसर्जन को पहुंचे हजारों श्रद्धालु
- फोटो : अमर उजाला
मोहन नगर चौराहे पर जाम से जूझने वालों के लिए राहत भरी खबर है। जीडीए जल्द ही यहां एक तीन लेन का अंडरपास बनाएगा। इसके जरिए जीटी रोड पर गाजियाबाद की ओर से दिल्ली जाने वाला ट्रैफिक निकल सकेगा। डीएमआरसी अंडरपास की तकनीकी रिपोर्ट तैयार कर रही है।
जीडीए वीसी विजय यादव ने बताया कि दिसंबर 17 में दिलशाद गार्डन टू नया बस अड्डा मेट्रो शुरू करने का लक्ष्य है। मोहन नगर चौराहे से सटे मोहन मिकिंस के पास मेट्रो स्टेशन होगा। हाईस्पीड ट्रेन का भी स्टेशन मोहन नगर चौराहे पर प्रस्तावित है।
ऐसे में यहां ट्रैफिक काफी बढ़ जाएगा। उन्होंने बताया कि मोहननगर चौराहे पर मेट्रो स्टेशन के निर्माण के चलते अंडरपास की तकनीकी रिपोर्ट डीएमआरसी से तैयार कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि अंडरपास की अनुमानित लागत 40 करोड़ है।
ऐसे गुजरेगा ट्रैफिक
इस अंडरपास से जीटी रोड पर गाजियाबाद की तरफ से ज्ञानी बॉर्डर, दिल्ली की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को निकाला जाएगा। गाजियाबाद की तरफ से ट्रैफिक मोहननगर चौराहे पर बाएं मुड़ते हुए अंडरपास में घुसेगा और यू टर्न लेते हुए दिल्ली की तरफ निकल जाएगा। इससे यह ट्रैफिक लिंक रोड और ज्ञानी बार्डर से गाजियाबाद की ओर आने वाले ट्रैफिक से नहीं टकराएगा।
जीडीए को जल्द सौंपी जाएगी अंडरपास की रिपोर्ट
डीएमआरसी के प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि डीएमआरसी अपनी एक कंसलटेंसी कंपनी से अंडरपास की तकनीकी रिपोर्ट तैयार करा रही है। मोहननगर में मेट्रो स्टेशन के ट्रैफिक को देखते हुए भी रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
इस अंडरपास का फायदा मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलते ही दिल्ली की तरफ जाने वाले यात्रियों को मिलेगा। उन्होंने बताया कि यह रिपोर्ट जल्द ही जीडीए को सौंप दी जाएगी। फिलहाल मोहननगर स्टेशन के लिए फाउंडेशन का काम चल रहा है।