मोदीनगर। नगर की एक कॉलोनी निवासी इंजीनियर की तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिजनों ने इंजीनियर की पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से मामले की शिकायत की है। युवक हैदराबाद स्थित एक कंपनी में इंजीनियर था। युवक की नगर की अन्य कॉलोनी निवासी युवती से लगभग एक साल पूर्व शादी हुई थी। पत्नी भी उसके साथ हैदराबाद में ही रहती थी। परिजनों ने बताया कि चार दिन पूर्व गत 29 अप्रैल की शाम उनके बेटे का कॉल आया था। बेटे ने आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या करने की फिराक में है। इसके अगले दिन 30 अप्रैल को हैदराबाद पुलिस ने इंजीनियर का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा होने की सूचना दी। परिजनों का आरोप है कि उसकी पत्नी का कस्बा निवाड़ी की एक कॉलोनी निवासी युवक से प्रेम संबंध थे। परिजनों के अनुसार महिला ने उनके बेटे को कभी पति के रूप में स्वीकार नहीं किया और अपने प्रेमी के साथ ही संबंधों में रही। उन्होंने आरोप लगाया कि पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर उनके बेटे की हत्या कर शव रेलवे ट्रेक पर फेंक दिया। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय का कहना है कि घटना हैदराबाद की है। वहां की पुलिस से संपर्क कर अवगत करा दिया जाएगा।