गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बाइक सवार बदमाशों की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने चेन स्नेचिंग करने वाले लुटेरे को गिरफ्तार किया है। इसके दाएं पैर में गोली लगी है जबकि उसका एक साथी फरार हो गया। बदमाश के पास से पुलिस ने 29 अप्रैल को महिला से लूटी चेन को बेचकर मिले रुपये में से 8,020 रुपये, एक तमंचा, दो कारतूस और बाइक बरामद की है। एसीपी वेव सिटी पूनम मिश्रा ने बताया कि पकड़ा गया लुटेरा वेव सिटी क्षेत्र के डासना निवासी आरिफ है। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना प्रभारी रिछपालगढ़ी के पास चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान पुलिस चेकिंग को देखकर बदमाश भागने लगे। जल प्लांट रोड पर बदमाशों ने पुलिस को देखकर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरिफ के दाएं पैर में गोली लगी। 29 अप्रैल को क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में बेटे को लेकर लौट रही महिला के साथ हुई चेन स्नेचिंग की घटना को आरिफ ने कुबूल किया है। सीसीटीवी फुटेज में भी वह कैद हुआ है। इसके फरार साथी की तलाश की जा रही है।