आईडीएसटी कॉलेज में बीडीएस इंटर्न थी निशा
पश्चिम बंगाल के कोलकाता के दमदम पार्क निवासी अनूप साव के अनुसार उनकी 25 वर्षीय पुत्री निशा साव आईडीएसटी कॉलेज में बीडीएस इंटर्न थी। बीते 28 अक्तूबर को निशा ने हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी थी। परिजन निशा का शव लेकर चले गए थे। पुलिस ने निशा का लैपटॉप और मोबाइल व अन्य सामान कब्जे में लेकर मामले की छानबीन कर दी थी।
डॉ. संदीप मेहरा कर रहा था निशा को ब्लैकमेल
बुधवार को निशा के परिजन मोदीनगर पहुंचे। परिजनों के अनुसार निशा के मोबाइल में कॉल रिकॉर्डिंग मिली, जिसमें वह डॉ. संदीप मेहरा उर्फ महेंद्र नामक व्यक्ति से साथ बात कर रही थी। आरोपी डॉ. संदीप मेहरा निशा को ब्लैकमेल कर रहा था और गाली गलौंज कर रहा था। आरोपी निशा को ब्लैकमेल कर उससे रकम मांग रहा था। रकम न देने पर आरोपी डॉक्टर उसे बदनाम करने की धमकी दे रहा था।
आत्महत्या से एक दिन पहले मां से की थी निशा ने बात
आरोपी डॉ. संदीप मेहरा ने निशा के परिजनों को भी अपमानित किया और उसे खुदकुशी के लिए उकसाया। आरोपी ने निशा को खुदकुशी के लिए मजबूर किया, परेशान होकर निशा ने कॉलेज के हॉस्टल के कमरे में फंदे लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजनों के अनुसार निशा ने घटना से एक दिन पहले मां से बात की थी तब वह एकदम सामान्य थी। निशा ने मां से किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था। एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि निशा के पिता अनूप साव की तहरीर पर डॉ. संदीप मेहरा उर्फ महेंद्र निवासी रोहिणी सेक्टर-23 दिल्ली व अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।