अनूपशहर। नेहरूगंज निवासी अनन्या शुक्ला के साथ साइबर ठगी हुई। एपीके फाइल में भेजे गए शादी के कार्ड पर क्लिक करते ही साइबर ठगों ने उनका फोन हैक कर लिया। इसके बाद ठगों ने उनके बैंक खाते से 1.47 लाख रुपये उड़ा दिए। 22 अगस्त को 95 हजार, 50 हजार और 2660 रुपये की तीन अवैध ट्रांजैक्शन एक्सिस बैंक में हुईं। अनन्या शुक्ला ने तुरंत नेशनल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और खाता ब्लॉक कराया। साइबर टीम प्रभारी हर्ष मिश्रा ने बताया कि आरोपियों ने परिचित का व्हाट्सएप नंबर हैक कर यह डिजिटल कार्ड भेजा था। फाइल डाउनलोड करने पर मोबाइल हैक हो गया। साइबर इंचार्ज ने लोगों से एपीके फाइल डाउनलोड न करने की अपील की। कोतवाली प्रभारी ने अज्ञात ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।