गाजियाबाद जिले के मोदीनगर के भोजपुर थाना इलाके के दतैड़ी गांव के पास शुक्रवार दोपहर कुछ लोगों ने तीन युवकों को पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने उनसे विशेष नारे लगाने को कहा था। वह नहीं माने तो उनकी पिटाई की।
एक पीड़ित को गंभीर चोट आई है। वहीं, पुलिस ने नारे की बात से इनकार किया है। पुलिस ने मारपीट का केस दर्ज कर दो आरोपियों गिरफ्तार किया है। 10 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव की स्थिति है। इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
मसूरी निवासी जीशान का कहना है कि वह शुक्रवार को काम से भोजपुर स्थित त्यौड़ी गांव गया था। दोपहर वह बाइक से वाया दतैड़ी होता हुआ अपने गांव लौट रहा था। दतैड़ी गांव के नजदीक आकाश नर्सरी के पास भीड़ जमा थी। आरोप है कि भीड़ ने उसे रोक लिया और नाम पूछा।
आरोप है नाम बताते ही भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने उसके साथ अभद्रता की। विशेष नारे लगाने के लिए कहा। इसी बीच एक अन्य बाइक सवार दो युवक शहजाद व कामिल निवासी नहाली वहां से गुजरे तो भीड़ ने उन्हें भी रोक लिया। आरोप है कि उन पर भी नारे लगाने का दबाव बनाया गया। नारे न लगाने पर भीड़ ने तीनों पर हमाल बोल दिया और लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटकर उन्हें घायल कर दिया। हमले में जीशान गंभीर रूप से घायल हो गया।