कौशांबी। वैशाली सेक्टर-2 में मंगलवार शाम पांच बजे बदमाशों ने व्यापारी की पत्नी के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली। घटना के दौरान वह बेटी के साथ बाजार जा रही थीं। उन्होंने बदमाश को पकड़ने के लिए शोर मचाया लेकिन, किसी राहगीर ने पीछा नहीं किया। डायल-112 पर पुलिस को सूचना देकर मुकदमा दर्ज कराया है। केबल व्यापारी भवानी शंकर यादव ने बताया कि उनकी पत्नी मंजू यादव बड़ी बेटी के साथ बाजार से शाम करीब पांच बजे सामान खरीदने जा रही थीं। वह जैसे ही वैशाली सेक्टर-दो की मार्केट में बिजली की एक दुकान के सामने पहुंची तो पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली। बताया कि बदमाशों ने चेन छीनने से पहले मंजू के आगे पीछे बाइक चलाकर पूरी रेकी की थी। चेन छीनने के बाद बदमाश वैशाली सेक्टर-एक नाले की तरफ से भाग गए। व्यापारी भवानी सिंह यादव ने बताया कि मंजू ने घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर पुलिसकर्मियों को दी लेकिन, पुलिस ने उन्हें जांच का आश्वासन दिया। इंदिरापुरम एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने बदमाशों की पहचान के लिए घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली है। बदमाशों तलाश की जा रही है।