हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मेरठ रोड फ्लाईओवर के नीचे मोहल्ला गणेशपुरा में एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के बाहर लूट की घटना हुई। कार सवार नकाबपोश बदमाशों ने ड्राइवर को तमंचा दिखाकर तीन कैंटरों से तीन ईसीएम लूट लिए। इस घटना से शहर के ट्रांसपोर्टरों में रोष है।
बृहस्पतिवार तड़के करीब सवा चार बजे शिव गुड्स गोल्डन ट्रांसपोर्ट कंपनी के बाहर तीन कैंटर खड़ी थीं। इनमें अमित गुप्ता की दो और मोहल्ला गणेशपुरा निवासी किशनस्वरूप की एक कैंटर शामिल थी। अमित गुप्ता की एक कैंटर में ड्राइवर मोहम्मद इरफान सो रहा था। बदमाशों ने इरफान वाली कैंटर के शीशे तोड़ दिए। इरफान के जागने पर बदमाशों ने उसपर तमंचा तान दिया। जान से मारने की धमकी देकर उसे वहां से भगा दिया। इरफान ने भागकर अपनी जान बचाई और ट्रांसपोर्टर को सूचना दी। ट्रांसपोर्टर ने डायल 112 के माध्यम से पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस जांच और नुकसान
पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही बदमाश तीनों कैंटरों से ईसीएम लूटकर फरार हो गए। पुलिस घटना की सूचना के आधे घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची। ट्रांसपोर्टर अमित गुप्ता ने बताया कि एक ईसीएम (इंजन कंट्रोल मॉड्यूल) की कीमत करीब सवा लाख से डेढ़ लाख रुपये है। क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जांच कर रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।