साहिबाबाद। शालीमार गार्डन थाने के पास ऊर्जा निगम के बाहर सवारी बनकर बैठे एक बदमाश ने साथी के साथ मिलकर चालक मेहराज को नशीला पदार्थ सुंघाया और उनका ई-रिक्शा, फोन और एक हजार की नकदी लूट ली। बदमाश चालक को बेसुध हालत में राम मनोहर लोहिया पार्क के पास बैरिकेड के किनारे फेंककर फरार हो गए। चालक का कहना है कि घटना के बाद तबीयत खराब होने के बाद वह कई दिन अस्पताल में भर्ती रहे।
पुलिस ने शिकायत के बावजूद मुकदमा लिखने के लिए उन्हें काफी चक्कर कटाए। शालीमार गार्डन के गणेशपुरी निवासी मेहराज अली ने मार्च महीने में लोन पर ई-रिक्शा खरीदा था। उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल को 12 बजे शालीमार गार्डन थाने से आगे छोटे बेटे को लेकर ऊर्जा निगम के कार्यालय बिजली बिल जमा करने गए थे। वहां उन्हें बदमाश ने राम मनोहर लोहिया पार्क चलने के लिए कहा। इस बीच एक बुजुर्ग भी रिक्शा में बैठी और रास्ते में उतर गईं। चालक का कहना है कि शिव चौक पर पहुंचकर बदमाश ने दूसरे साथी को फोन किया था। तभी पीछे सीट पर दूसरा बदमाश आकर बैठ गया। आरोप है कि रास्ते में पीछे बैठे बदमाश ने रुमाल में नशीला पदार्थ सुंघा दिया, वह बेसुध हो गए और दोनों बदमाशों ने उन्हें पार्क के पास लगे बैरिकेड के किनारे फेंक दिया। उनका ई-रिक्शा, फोन और एक हजार की नकदी लूट ले गए। रात तक मेहराज घर नहीं लौटे तो पत्नी को चिंता होने लगी। वह अपने परिचित के साथ पति को ढूंढने लगीं। घर पर बेटी को किसी चालक ने बताया कि मेहराज सड़क किनारे बेसुध पड़े हैं। बेटी ने उन्हें फोन करके घटना की जानकारी दी। पत्नी और परिचित मौके पर पहुंचे और मेहराज को बेसुध हालत में दिल्ली के अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। अगले दिन छुट्टी होने पर उन्होंने शालीमार गार्डन थाने में घटना की शिकायत दी लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। चालक की पत्नी ने बताया कि मेहराज को घटना की वजह से तबीयत खराब होने लगी थी तो उन्हें तुरंत दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में आला अधिकारियों से गुहार लगाने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। एसीपी साहिबाबाद भास्कर वर्मा का कहना है कि घटनास्थल के पास सीसीटीवी कैमरे चेक कर घटना की सच्चाई और बदमाशों का पता कर रहे हैं।