यूपी सरकार में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने शुक्रवार को औद्योगिक साइट चार में संचालित दो कंपनियों का निरीक्षण किया। यह दोनों कंपनियां बीते छह माह से बंद पड़ी हैं। इस दौरान उन्होंने दोनों कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कंपनियों को शुरू कराने को लेकर चर्चा की।
प्रदेश सरकार द्वारा संचालित और औद्योगिक क्षेत्र साइट चार में स्थित अपट्रॉन पावर ट्रिक्स और टीट्रॉन इंडिया नाम की दो आईटी कंपनियां बीते छह माह से बंद पड़ी हैं। इनमें कंप्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स का निर्माण होता है।
शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने साइट चार स्थित दोनों कंपनियों का निरीक्षण किया। वे सबसे पहले अपट्रॉन पावर ट्रिक्स कंपनी पहुंचे। यहां उन्होंने कंपनी के हालात की जानकारी अधिकारियों से ली।
इसके बाद वे ट्रीटॉन इंडिया लिमिटेड कंपनी में पहुंचकर अधिकारियों से कंपनी की समीक्षा रिपोर्ट ली। इस दौरान लखनऊ से भी अधिकारियों की एक टीम पहुंची थी। मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि यह कंपनियां प्रदेश सरकार को कंप्यूटर व अन्य आईटी इलेक्ट्रॉनिक्स सामान मुहैया कराती हैं। इन कंपनियों को जल्द से जल्द शुरू कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।