लोनी। ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र के अंसल कॉलोनी में खनन कॉलोनी के घर से पुलिस को तलाशी के दौरान तीन लाइसेंसी हथियार मिले। साथ ही घर में तमंचा और तलवार भी मिले तो पुलिस ने आर्म्स एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर कारोबारी सुधीर राठी को गिरफ्तार किया है। खनन कारोबारी के कार्यालय सहायक राजीव उर्फ विक्की का शव मिला था। उसके गोली लगी थी और कारोबारी का लाइसेंसी हथियार भी मौके से ही मिला था।
एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि अंसल कॉलोनी में खनन कारोबारी सुधीर राठी के कार्यालय में सहायक हिमाचल के ऊना निवासी विक्की उर्फ राजीव का शव मिला था। गोली कारोबारी के लाइसेंसी हथियार से मारी गई थी। पुलिस को उसने बताया था कि लाइसेंसी हथियार से विक्की ने खुद को गोली मारी थी। पुलिस ने लाइसेंसी हथियार को लापरवाही से रखने पर सुधीर राठी के खिलाफ ट्रॉनिका सिटी थाने में रिपोर्ट दर्ज की थी।
पुलिस को जानकारी मिली की सुधीर राठी के घर की तलाशी ली जाए तो लाइसेंसी के अलावा अवैध भी हथियार हैं। पुलिस ने सुधीर राठी के घर की तलाशी ली तो अलमारी से सुधीर के दो लाइसेंसी हथियारों के अलावा तमंचा और तलवार भी मिली। इसके बाद पुलिस ने सभी हथियारों को जब्त कर लिया। पूछताछ में सुधीर ने बताया कि तमंचा और तलवार पूर्व से ही रखे थे। एसीपी ने बताया कि तीनों हथियारों का रजिस्ट्रेशन सुधीर राठी के नाम पर है। पुलिस ने लाइसेंसी हथियार रखने में लापरवाही और अवैध असलहे मिलने पर कारोबारी सुधीर राठी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर दिया। हालांकि दोनों मामले में सुधीर को जमानत मिल गई।