क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी है। अब उन्हें क्रिकेट के गुर सीखने और खेलने के लिए दिल्ली-नोएडा के चक्कर नहीं काटने होंगे। जीडीए न्याय खंड तीन के सामने ग्रीन बेल्ट पर मिनी क्रिकेट ग्राउंड का निर्माण कर रहा है। जीडीए ने इसमें क्रिकेट स्पोर्ट्स एकेडमी खोलने की योजना भी बनाई है। ग्राउंड का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। क्रिकेट ग्राउंड जल्द ही खोल दिया जाएगा।
शहर में खेलों को बढ़ावा देने के लिए जीडीए कदम उठा रहा है। कालोनियों में बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण हो रहा है। इसी के तहत जीडीए न्याय खंड तीन के सामने बनी ग्रीन बेल्ट में मिनी क्रिकेट ग्राउंड का निर्माण कर रहा है, जिसका काम अंतिम चरण में है। ग्राउंड के चारों तरफ नेट लगा दी गई है। ग्राउंड में घास लगाई जा रही है।
साथ ही ग्राउंड में पिच का निर्माण किया जा रहा है। लोगों के बैठने के लिए एक तरफ शेड लगाकर व्यवस्था की जाएगी। ग्राउंड में स्पोर्ट्स एकेडमी क्रिकेट टूर्नामेंट भी करा सकती हैं। काम पूरा होने के बाद खिलाड़ी ग्राउंड में क्रिकेट का लुत्फ उठा सकेंगे। साथ ही जीडीए ने इसमें क्रिकेट स्पोर्ट्स एकेडमी खोलने की योजना भी बनाई है।
प्रैक्टिस के लिए अलग से बनाए गए नेट
खिलाड़ी क्रिकेट ग्राउंड का पूरा लुत्फ ले सकें और उसमें अभ्यास कर सकें। इसके लिए अलग से तीन नेट ग्राउंड के किनारे पर बनाए गए हैं। इसमें बॉलिंग और बैटिंग की प्रैक्ट्सि की जा सकेगी। नेट प्रैक्टिस के लिए ऐसी कोई जगह नहीं थी, जहां पर क्रिकेट खिलाड़ी प्रैटिक्स कर सकें।
उद्यान प्रभारी एसपी सिसौदिया ने बताया कि मल्टी परपज ग्राउंड के एक हिस्से में मिनी क्रिकेट ग्राउंड तैयार किया गया है। जहां पर खिलाड़ी प्रैक्टिस के साथ खेल का लुत्फ उठा सकेंगे।