गाजियाबाद। ग्रेटर नाेएडा स्थित इंडो एक्सपो सेंटर में सात जून को अखिल भारतीय महापौर एवं आरडब्ल्यूए का शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कंफेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए-उत्तर प्रदेश (कोरवा) के मुख्य संरक्षक कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने प्रेसवार्ता में बताया कि इस सम्मेलन के आयोजक कोरवा-यूपी और फ्लैट ओनर फेडरेशन हैं। इसमें एक प्रस्ताव तैयार किया जाएगा, जिसे निस्तारण के लिए सरकार के पास भेजा जाएगा।
कोरवा-यूपी के अध्यक्ष डॉ. पवन कौशिक के मुताबिक सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों के 15 मेयर व नगर आयुक्त भाग लेंगे, जिसका उद्घाटन आंध्रप्रदेश सरकार के सलाहकार राजन छिब्बर करेंगे। मुख्य सलाहकार डॉ. आरके आर्या ने बताया कि सम्मेलन के पहले सत्र में भूजल दोहन विषय पर चर्चा होगी, जिसकी अध्यक्षता ईटानगर के महापौर तामे पहसंग करेंगे। वहीं, दूसरे सत्र में हल्द्वानी के महापौर जोगेंद्र पाल सिंह रोटेला की अध्यक्षता में कूड़ा निस्तारण पर विचार विमर्श किया जाएगा।