गाजियाबाद। बुलंदशहर रोड इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एविनिक्स डिजाइन कॉन्सेप्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की फैक्टरी में बुधवार देर रात भीषण आग लग गई। आग की सूचना पर कोतवाली फायर स्टेशन से अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में तीन फायर टेंडर और एक बाउजर मौके पर पहुंचे।
आग की तीव्रता को देखते हुए वैशाली और साहिबाबाद फायर स्टेशन से भी दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। करीब सात दमकल वाहनों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन फैक्टरी में रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
सीएफओ सौरभ सिंह के मुताबिक दमकल विभाग को बुधवार रात करीब 1:11 बजे बुलंदशहर रोड स्थित फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि आग भवन के भूतल पर लगी थी। दमकल कर्मियों ने दो होज लाइन फैलाकर आग बुझाने का काम शुरू किया।
भवन के तीन हिस्सों में अन्य फैक्टरियां होने के कारण दमकल कर्मियों को केवल सामने की ओर से ही फायर फाइटिंग करनी पड़ रही थी। भवन के अंदर आग और धुआं अधिक होने के कारण दमकल कर्मियों ने बी-सैट पहनकर अंदर प्रवेश किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाया गया।
आग से फैक्टरी में रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फायर विभाग के मुताबिक घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।