गाजियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में स्थित एक कंपनी में काम के दौरान टिन शेड टूटने से एक राजमिस्त्री करीब 30 फीट की ऊंचाई से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई। परिजनों ने ठेकेदार और कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
पीड़ित परिजनों का आरोप है कि ठेकेदार ने बिना सुरक्षा संसाधनों के राजमिस्त्री को टिन शेड पर काम करने के लिए मजबूर किया। साथ ही हादसे की सूचना भी परिजनों को कई घंटे बाद दी गई। उनका कहना है कि समय पर उचित उपचार न मिलने के कारण राजमिस्त्री की जान चली गई।
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि लालकुआं औद्योगिक क्षेत्र स्थित कंपनी में शुक्रवार सुबह भरत सिंह (35) निवासी नासरपुर, मूल निवासी ग्राम गेहरी जग्गू, थाना असनौली, जनपद संभल, टिन शेड पर राजमिस्त्री का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान शेड टूटने से वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
कंपनी कर्मियों और ठेकेदार ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां अगले दिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। भरत की पत्नी पिंकी ने बताया कि वह पिछले लगभग 15 वर्षों से गाजियाबाद के नासरपुर गांव में रह रहे थे और राजमिस्त्री का काम कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। हादसे की जानकारी उन्हें घटना के लगभग चार घंटे बाद दी गई।
एसीपी ने बताया कि मेडिकल परीक्षण के बाद परिजन बिना तहरीर दिए शव लेकर संभल रवाना हो गए। तहरीर मिलने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।