दहेज के लालच में एक विवाहिता को बेरहमी से पीटने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना थाना मसूरी क्षेत्र की है, जहां पीड़िता के भाई ने पुलिस को शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। मुरादनगर के नेकपुर निवासी आसिफ पुत्र लियाकत ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी बहन रुकसार का निकाह 5 वर्ष पूर्व 2020 में मुस्लिम रीति-रिवाज के साथ अकरम पुत्र असलम निवासी नेकपुर मुरादनगर हाल पता मोहल्ला गुर्जियान मसूरी के साथ किया था।
आसिफ का आरोप है कि निकाह के बाद से ही उसका पति अकरम, ससुर असलम और परिवार के अन्य सदस्य रुकसार को दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। पूर्व में परिवार की ओर से अकरम को हीरो स्प्लेंडर बाइक ईएमआई पर निकाल कर दी गई थी, लेकिन ससुराल पक्ष की मांगें यहीं खत्म नहीं हुईं।
शिकायत के अनुसार, अब अकरम अपनी पत्नी पर'बुलेट' मोटरसाइकिल दिलाने का दबाव बना रहा था। इसी मांग को लेकर बीते 9 अप्रैल की रात करीब साढ़े 9 बजे विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पति अकरम और ससुर असलम ने रुकसार के साथ जमकर गाली-गलौज की और उसे बेरहमी से पीटा। मारपीट के दौरान पीड़िता के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों का यह भी आरोप है कि ससुरालियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी है।
पीड़ित पक्ष ने मसूरी पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एसीपी मसूरी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी अकरम व इसके पिता असलम निवासीगण मोहल्ला गुर्जियान मसूरी, मूल निवास गांव नेकपुर मुरादनगर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों के मेडिकल परीक्षण के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।