फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: धनतेरस पर बाजार धन धन, 900 करोड़ का कारोबार

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
गाजियाबाद। धनतेरस पर शुक्रवार को बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। सराफा, ऑटोमोबाइल, मिठाई, बर्तन और कपड़ों से लेकर इलेक्ट्रॉनिक बाजार तक में खरीदारी का उत्साह दिखाई दिया। सुबह से ही दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी, जो देर शाम तक जारी रही। संपूर्ण उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री तिलक राज अरोड़ा ने बताया कि पिछले साल की दिवाली की तुलना में इस बार महंगाई के बावजूद अच्छे कारोबार की उम्मीद है। शुक्रवार को एक दिन में करीब 900 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। दिवाली तक यह आंकड़ा करीब 1500 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।

सराफा कारोबार : 90 करोड़ के कारोबार का अनुमान
धनतेरस पर सोने-चांदी की खरीदारी को शुभ माना जाता है। इसी वजह से सुबह से ही सराफा बाजार में ग्राहकों की भीड़ रही। सराफा एसोसिएशन के संरक्षक राज किशोर गुप्ता ने बताया कि जिले में करीब 360 सराफा दुकानें हैं। पिछले साल धनतेरस पर करीब 80 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था, जबकि इस बार करीब 90 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। इस बार सोने की अपेक्षा चांदी की खरीदारी अधिक हुई। चांदी के दाम दो लाख रुपये प्रति किलो से नीचे आने के कारण लोगों ने इसमें ज्यादा निवेश किया। वहीं, सोने के दाम 1.45 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम होने के कारण ग्राहकों ने हल्के वजन के आभूषणों को प्राथमिकता दी।
विज्ञापन

आंबेडकर रोड स्थित मनोहर लाल ज्वेल्स और नेहरूनगर स्थित राधे लाल एंड संस ज्वेलर्स के शोरूम पर भी दिनभर खरीदारी होती रही। मनोहर लाल ज्वेल्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुधीर सिंघल ने बताया कि सिक्कों की भी खूब बिक्री हुई। सोने-चांदी के अलावा हीरे के आभूषणों की भी मांग रही। ग्राहकों के लिए लकी ड्रॉ स्कीम भी निकाली गई। नेकलेस, टॉप्स, अंगूठी और चेन की खरीदारी सबसे ज्यादा हुई।

ऑटोमोबाइल : 250 करोड़ की धनवर्षा
धनतेरस पर वाहन बाजार में भी जबरदस्त रौनक रही। कारों के शोरूम पर पहले से बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को वाहनों की डिलीवरी दी गई। मोटर क्राफ्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय त्यागी ने बताया कि जिले में चार पहिया वाहनों के 25 से अधिक शोरूम हैं। इनमें सभी प्रमुख ब्रांड और कंपनियों के वाहन उपलब्ध हैं। धनतेरस के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने पहले ही कारें बुक करा रखी थीं। देर शाम तक करीब 2000 कारों की डिलीवरी हुई। इससे 200 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार का अनुमान है।
वहीं, जिले में दोपहिया वाहनों के करीब 150 शोरूम हैं। धनतेरस पर सभी शोरूम में ग्राहकों को वाहनों की डिलीवरी दी गई। इस दिन 5000 से अधिक दोपहिया वाहनों की बिक्री की उम्मीद है। इससे करीब 50 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। दिवाली ऑफर के तहत चार पहिया वाहनों पर 50 हजार रुपये तक की छूट दी जा रही है। दोपहिया वाहनों पर आकर्षक उपहार के साथ डाउन पेमेंट में भी छूट मिल रही है।

बर्तन कारोबार : 20 करोड़ की बिक्री का अनुमान
धनतेरस पर बर्तन खरीदने की परंपरा के चलते गोल मार्केट, घंटाघर समेत शहर के प्रमुख बाजारों में दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। लोगों ने पीतल, तांबे और स्टील के बर्तनों की जमकर खरीदारी की। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष संदीप बंसल ने बताया कि धनतेरस पर करीब 20 करोड़ रुपये के बर्तनों की बिक्री का अनुमान है। पिछले साल की तुलना में इस बार बर्तनों के दामों में 10 से 15 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है। खरीदारी पर इसका खास असर नहीं दिखा। धनतेरस पर झाड़ू खरीदने की परंपरा के चलते लोगों ने इसकी भी खरीदारी की।

रियल एस्टेट : 400 करोड़ का कारोबार
धनतेरस पर सोने-चांदी और वाहनों की खरीदारी के साथ मकान खरीदना और नए घर में गृह प्रवेश करना भी शुभ माना जाता है। इसी के चलते रियल एस्टेट बाजार में भी रौनक रही। वीवीआई ग्रुप के वाइस प्रेसिडेंट उमेश राठौर ने बताया कि धनतेरस पर बड़ी संख्या में लोगों ने फ्लैट बुक कराए। कई परिवारों ने नए घरों में गृह प्रवेश भी किया। ग्रुप की ओर से प्रॉपर्टी उत्सव मनाया जा रहा है।
बिल्डर एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष रविंद्र त्यागी ने बताया कि धनतेरस पर सैकड़ों फ्लैट बिके हैं। विभिन्न आवासीय परियोजनाओं में बड़ी संख्या में लोगों ने गृह प्रवेश किया। इसके अलावा व्यवसाय शुरू करने के लिए भी लोगों ने व्यावसायिक संपत्तियां खरीदीं। रियल एस्टेट में करीब 400 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। राजनगर एक्सटेंशन और एनएच-9 के किनारे स्थित परियोजनाओं में सबसे ज्यादा संपत्तियां बिकीं।

पटाखा : 15 से 20 करोड़ की बिक्री
धनतेरस के साथ ही पटाखा बाजारों में भी ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई। जिले में 200 से अधिक स्थानों पर पटाखों की बिक्री हो रही है। शहर में कविनगर, घंटाघर और विजयनगर रामलीला मैदान में पटाखों की दुकानें लगाई गई हैं। इसके अलावा वसुंधरा, वैशाली, शालीमार गार्डन, इंदिरापुरम, लोनी, मोदीनगर और मुरादनगर में भी पटाखों की बिक्री हो रही है। क्रैकर एसोसिएशन के अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता ने बताया कि इस बार ग्रीन पटाखों की बिक्री की अनुमति दी गई है। दिवाली तक पटाखों की खरीदारी जारी रहेगी। इस बार 15 से 20 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है।

इलेक्ट्रॉनिक बाजार में 10 करोड़ बरसे
इलेक्ट्रॉनिक बाजार में इस बार पिछले साल की तुलना में कारोबार कमजोर रहा। ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कुलवंत शर्मा ने बताया कि मोबाइल फोन बाजार में इस बार करीब 10 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। इसके अलावा बिजली की झालरों, फैंसी लाइटों और लैंप की बिक्री से करीब पांच करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है।

मिठाई : 20 करोड़ की बिक्री की उम्मीद
मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। लोगों ने घरों में पूजा और मेहमानों के स्वागत के लिए मिठाइयों की खरीदारी की। उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री अशोक चावला ने बताया कि धनतेरस से छोटी दिवाली तक करीब 20 करोड़ रुपये की मिठाई बिकने का अनुमान है। शुक्रवार को ही दुकानों से 10 से 15 करोड़ रुपये की मिठाई की बिक्री हुई। इसके अलावा करीब दो करोड़ रुपये के खील-बताशों की बिक्री का अनुमान है।
विज्ञापन


कपड़ा बाजार : 10 करोड़ की खरीदारी
कपड़ा बाजार में भी खरीदारी का उत्साह दिखाई दिया। जिले में 500 से अधिक कपड़ों की दुकानें हैं। कपड़ा व्यापारी एसोसिएशन गाजियाबाद के जिलाध्यक्ष अनिल सांवरिया ने बताया कि त्योहार के चलते कपड़ों की अच्छी बिक्री हुई है। लोगों ने सूट, साड़ी, पैंट-शर्ट, कोट, जैकेट, कुर्ता-पायजामा और शेरवानी समेत अन्य कपड़ों की खरीदारी की। कपड़ा बाजार में करीब 10 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें