सौभाग्य और सुहाग का व्रत करवाचौथ बुधवार यानी आज है। करवा चौथ के एक दिन पहले मंगलवार को बाजारों में रौनक दिखी। बाजारों में करवा चौथ की पूजन सामग्री और मेहंदी लगवाने के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। तुराबनगर मार्केट और गांधीनगर मार्केट की रौनक देखते ही बन रही थी। सोसायटीज में टेंट लगाकर करवाचौथ की तैयारी की जा रही थी।
इनका है पहला करवाचौथ
आरडीसी में रहने वाली प्रतिभा का इस बार पहला करवा चौथ है। प्रतिभा एक निजी कंपनी में जॉब करती हैं। उन्होंने बताया कि अबकी बार उनका पहला करवा चौथ था और इसको लेकर काफी एक्साइटेड हूं। काफी पहले से करवा चौथ की तैयारियां कर ली है। पूरे सोलह शृंगार करकेव्रत करूंगी।
राजेंद्र नगर की रहने वाली स्वाती ठाकुर का पहला करवा चौथ है। स्वाती पेशे से एयर होस्टेस हैं। स्वाती ने बताया कि जॉब प्रोफाइल के कारण मेहंदी तो नहीं लगवा सकते क्योंकि ऑफिस में मेहंदी लगाकर नहीं जा सकते। पहला करवा चौथ पूरे फैमिली के साथ मिलकर मनाऊंगी।
रात 8.47 पर होंगे चांद के दीदार
अखंड सौभाग्य का व्रत करवा चौथ करने वाली महिलाओं के लिए पूजा का समय सबसे मुख्य होता है। पंडित दुलीदत्त कौशिक ने बताया कि दिन में 12.00 से लेकर 1.30 बजे तक राहु काल रहेगा इसलिए इस समय पूजा वर्जित रहेगी।
शाम की पूजा और कथा सुनने का शुभ मुहूर्त 4.09 बजे से 5.34 बजे तक रहेगा। इस समय मीन लग्न रहेगा और इस समय पति की दीर्घायु के लिए पूजा करना शुभ होगा। उन्होंने बताया कि राजधानी पंचांग के अनुसार चंद्रोदय का समय शाम 8.47 बजे का है।
दिन में मिल सकेंगे पति-पत्नी
जेल में रहने वाली महिलाएं भी करवा चौथ का व्रत करेंगी। लेकिन जेल प्रबंधन का कहना है कि पति या परिवार वाले जिनको भी मिलना होगा वह दिन में ही मिल सकते हैं।
जेल अधीक्षक एसपी यादव ने बताया कि शाम को मिलने-जुलने की मनाही रहेगी। इसके अलावा महिला थाने में तैनात पुलिसकर्मी भी व्रत रखेंगी। कुछ को छुट्टी मिली है, लेकिन इमरजेंसी में कभी भी बुलाया जा सकता है।