तीन बार लकड़ी पर कुल्हाड़ी मारकर सगाई तोड़ने का अनोखा मामला महिला थाने में आया। काउंसलिंग के बाद सांसी बिरादरी के लोगों ने इस तरह सगाई तोड़ने की रस्म निभाई तो पुलिसकर्मी भी हैरत में पड़ गए।
विजयनगर की रहने वाली एक युवती का रिश्ता चार साल पहले मजनूं का टीला, दिल्ली निवासी युवक से हुआ था। हाल ही में युवती की मां ने मुख्यमंत्री से लेकर एसएसपी तक से शिकायत कर आरोप लगाया था कि जिस युवक से उनकी बेटी की सगाई हुई, उसे टीबी है।
इसलिए वह रिश्ता तोड़ना चाहते हैं, लेकिन दूसरा पक्ष इसके लिए तैयार नहीं है। उनसे बीमारी वाली बात छिपाई गई। एसएसपी ने महिला थाने की पुलिस को काउंसलिंग कर मामला निबटाने की हिदायत दी थी।
काउंसलिंग हुई तो काफी जद्दोजहद के बाद दोनों पक्षों में सगाई तोड़ने पर सहमति बन गई। मंगलवार को दोनों पक्षों के करीब 100 लोग महिला थाने पहुंचे। वह लकड़ी और कुल्हाड़ी साथ लाए थे।
दोनों तरफ से लिखित में सगाई तोड़े जाने के बाद महिला थाने के प्रांगण में उन लोगों ने एक लकड़ी रखी, जिस पर कुल्हाड़ी से युवक-युवती का नाम लेते हुए तीन बार वार कर लकड़ी तोड़ी गई। इसके बाद एलान किया गया कि यह रिश्ता अब खत्म हो गया है। दोनों पक्ष दूसरी जगह रिश्ता करने के लिए स्वतंत्र हैं।
महिला थाना प्रभारी निरीक्षक अंजू तेवतिया ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने जब दोनों पक्षों से इस बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि वह सांसी बिरादरी से हैं। उनकी बिरादरी में रिश्ता खत्म करने की यही परंपरा है। उन्होंने बताया कि इस तरह रिश्ता तोड़ने का मामला पहली बार महिला थाने में आया है।