गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में फ्लैट दिलाने के नाम पर अपनी ममेरी बहन से 47.24 लाख की ठगी करने वाले आरोपी गंधर्व चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अपनी पहचान छिपाकर देहरादून में रह रहा था। आरोपी उसी फ्लैट का किसी दूसरे ग्राहक को भी एग्रीमेंट करने वाला था तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
एसीपी नंदग्राम रवि कुमार ने बताया कि सोनिया ने नंदग्राम थाने में दो अगस्त को महागुनपुरम निवासी गंधर्व चौधरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप लगाया कि गंधर्व ने राजनगर एक्सटेंशन की चार्म्स कैसल सोसायटी में फ्लैट दिलाने के बहाने उनसे 47.24 लाख रुपये ले लिए और फिर बैनामा नहीं किया। लेनदेन के सभी साक्ष्य भी सोनिया ने उपलब्ध कराए थे। पुलिस तभी से मामले की जांच कर रही थी, लेकिन आरोपी फरार हो गया और उसने अपने मोबाइल भी बंद कर लिए।
हाल में ही आरोपी फ्लैट को किसी दूसरे ग्राहक को दिखाने के लिए राजनगर एक्सटेंशन में आया था। मुखबिर से जानकारी मिलते ही पुलिस ने उसको दबोच लिया। ग्राहक को पुलिस ने आरोपी के कारनामे बताए तो वह चला गया। इसके बाद उसको गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। जांच की जा रही है कि उसने कितने लोगों को अभी तक अपना शिकार बनाया है। पहचान छिपाकर वह उत्तराखंड के देहरादून में रह रहा था। आरोपी ने तकादे से बचने के लिए गाजियाबाद में भी कई जगह ऑफिस बदला था।