गाजियाबाद के मोदीनगर के गांव सीकरी खुर्द में बुधवार रात गली में कुत्ता घुमा रहे युवक अंकित पर कार सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अंकित ने किसी तरह छुपकर अपनी जान बचाई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की। पुलिस घटना को प्रथम दृष्टया संदिग्ध मान रही है।
विज्ञापन
गांव सीकरी खुर्द निवासी अंकित कुमार एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। अंकित कुमार ने बताया कि बुधवार रात करीब 9 बजे वह अपना पालतू कुत्ता गली में घुमा रहे थे। जैसे ही वह घर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर पहुंचे तभी कर सवार चार से पांच युवक वहां पहुंचे।
आरोप है कि दो युवक कार से नीचे उतरे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुए हमले से अंकित सहम गया उसने किसी तरह इधर-उधर छुपकर अपनी जान बचाई। फायरिंग से गांव में अफरा तफरी मच गई। बदहवास अंकित ने घर पहुंचकर परिजनों को आप बीती सुनाई। सूचना के बाद एसएचओ मोदीनगर ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि जांच पड़ताल में फायरिंग की घटना सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।