सोशल मीडिया पर हुई थी मुलाकात
दर्ज मामले में पीड़िता ने बताया कि मकबूल से उनकी मुलाकात सोशल मीडिया से हुई थी। वह तलाकशुदा हैं और मकबूल ने भी खुद को तलाकशुदा ही बताया था। आरोप है कि मकबूल ने स्वयं को बीएसएफ का जवान बताते हुए निकाह की इच्छा जताई। वर्ष 2022 में दोनों ने रीति-रिवाज से निकाह किया। इसके बाद वह उन्हें राजस्थान ले गया और कुछ दिन बाद वह ड्यूटी जाने की बात कहकर चला गया।
प्लॉट बेचकर मकबूल को दिए रुपये
वह भी शालीमार गार्डन लौट आईं। इस दौरान मकबूल ने फ्लैट खरीदने की बात कहते हुए 10 लाख रुपये मांगे तो उन्होंने अपना रुड़की स्थित प्लॉट बेचकर रकम दे दी। आरोप है कि मकबूल ने पांच लाख रुपये से फ्लैट की बुकिंग की और बकाया पांच लाख लेकर भाग गया। काफी दिन तक वापस न आने पर वह राजस्थान के डिडवाना स्थित आरोपी के घर पहुंचीं। वह अपनी पहली पत्नी के साथ रहता मिला और उनके पहुंचने पर घर से भाग गया।
मकबूल को तलाश रही पुलिस
पुलिस से शिकायत करने पर आत्महत्या करने की धमकी दी। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। लोकेशन ट्रेस होने के बाद गिरफ्तारी कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।