लोनी। दिल्ली में एक सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत के बाद दो युवक शव को गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी क्षेत्र में फेंककर भाग गए। मंगलवार दोपहर ओम विहार कॉलोनी के एक खाली प्लॉट में नग्न अवस्था में शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उन्होंने हादसे के बाद शव को ठिकाने लगाने की बात स्वीकार की है।
ट्रोनिका सिटी थानाक्षेत्र की ओम विहार कॉलोनी में मंगलवार दोपहर लकड़ी के गोदाम के पास एक खाली प्लॉट में 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव के सिर और पीठ पर चोट के निशान पाए। मृतक की पहचान नहीं हो पाने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फील्ड यूनिट से साक्ष्य जुटाए।एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि घटनास्थल की ओर आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान दिल्ली नंबर की एक काली एसयूवी दिखाई दी। नंबर के आधार पर पुलिस संजय और सचिन उर्फ भोलू तक पहुंची और दोनों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है।
इस तरह हुई घटना-
पुलिस ने बताया कि मंगलवार आधीरात के बाद दो बजे दिल्ली के चौहान पट्टी के पास संजय की कार ने सड़क किनारे कूड़ा बीनने वाले व्यक्ति को टक्कर मार दी। इससे व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। हालांकि घटना के बाद दोनों युवक मौके से भाग गए और कुछ देर बाद वे दूसरी काली एसयूवी लेकर वापस पहुंचे और शव उसमें रखकर तड़के करीब चार बजे ट्रोनिका सिटी के ओम विहार स्थित खाली प्लॉट में फेंक दिया। पहचान छिपाने के उद्देश्य से दोनों आरोपी मृतक के कपड़े भी अपने साथ ले गए थे। इसके बाद अपनी कार एक वाशिंग सेंटर पर धुलवा दी गई। पुलिस ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाला व्यक्ति दिल्ली में सड़क किनारे भीख मांगकर और कूड़ा बीनकर अपना गुजारा करता था। उसकी पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।