गाजियाबाद। साइबर ठगों ने खुद को यश बैंक का मैनेजर बताकर लोनी के सादकपुर स्थित राजधानी एन्क्लेव में रहने वाले सुनीत कुमार पांडेय को क्रेडिट कार्ड का इंश्योरेंस कराने पर ताउम्र निशुल्क सुविधा मिलने का झांसा दिया। ठगों ने ऑनलाइन क्रेडिट कार्ड का ब्यौरा दर्ज कराया और मोबाइल हैक कर खाते से 7.80 लाख रुपये अन्य खातों में ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
एडीसीपी अपराध पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि राजधानी एन्क्लेव में रहने वाले सुनीत कुमार पांडेय के मुताबिक 13 मई की शाम करीब पांच बजे एक अनजान व्यक्ति की कॉल आई। कॉलर ने खुद को चांदनी चौक दिल्ली स्थित यश बैंक शाखा का ब्रांच मैनेजर बताया। इसी बैंक में सुनीत कुमार पांडेय का खाता भी है। कॉलर ने बताया कि क्रेडिट कार्ड पर इंश्योरेंस की सुविधा है। कॉलर ने इस योजना का लाभ लेने पर ताउम्र क्रेडिट कार्ड निशुल्क होने का झांसा दिया।
इसके बाद कॉलर ने यश क्रेडिट कार्ड के नाम से एक मोबाइल एप डाउनलोड कराया। साथ ही क्रेडिट कार्ड का ब्यौरा इसमें दर्ज कराया। इसके बाद उनका मोबाइल हैक हो गया। पीड़ित के खाते से चार अलग-अलग ट्रांजक्शन में साइबर ठगों ने सात लाख 80 हजार रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर लिए। उन्होंने तुरंत ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। एडीसीपी अपराध पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर साइबर ठगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।