लोनी। अंकुर विहार थाना क्षेत्र में गाड़ी दीवार से लगाकर धोने से मना करने पर एक व्यक्ति को पीटा गया। पीड़ित ने चार लोगों पर गाली गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
राजीव गार्डन निवासी लीलू पांचाल के अनुसार, पांच सितंबर की शाम वह अपनी आटा चक्की पर थे। इसी दौरान विष्णु अपनी कार उनकी दीवार से सटाकर धो रहा था। लीलू ने दीवार को नुकसान की बात कहकर कार हटाने को कहा। आरोप है कि इस पर विष्णु ने गाली गलौज और जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर विष्णु, राजकुमार, पूजा और तन्नु ने लीलू से मारपीट की। जान बचाकर घर में घुसने पर आरोपी अंदर भी आ गए। विष्णु ने डंडे से लीलू के हाथ और कमर पर हमला किया, जबकि पूजा ने ईंट से कमर पर वार किया। राजकुमार ने लीलू के चेहरे पर घूंसे मारे, जिससे मुंह और दांतों में चोटें आईं। आरोपियों ने लीलू की मोपेड की चाबी भी छीन ली। एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।