घर से कंगन चोरी करने वाले भाई बहन सहित गिरफ्तार तीन आरोपी। संवाद
गाजियाबाद। नंदग्राम थाना पुलिस ने एवीएस सप्लाई चेन कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करने वाले बदमाश को गिरफ्तार किया है। वह कंपनी से एसीपी, वाशिंग मशीन और एलईडी सहित 17 इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर भाग गया था। विजयनगर पुलिस ने तीन ऐसे चोरों को पकड़ा है, जिन्होंने बंद मकान से वृद्धा के सोने की तीन कंगन चोरी कर लिए थे।
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि बीती 29 जनवरी को विजेंद्र मणि निवासी शियाशंकर मिश्रा का पुरवा थाना कुंडा जनपद प्रतापगढ़ ने नंदग्राम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। बताया था कि उनकी एवीएस सप्लाई चेन कंपनी है। इसमें डिलीवरी बॉय के रूप में काम करने वाला रवि कुमार (25) निवासी अकबरपुर बहरामपुर बोध विहार थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक 22 इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर सप्लाई करने निकला था।
इनमें से पांच सामान ग्राहकों को आपूर्ति किए और अन्य 17 लेकर भाग गया है। पुलिस ने एएलटी चौराहे से आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो वाशिंग मशीन, छह एसी, पांच एलईडी, एक डिशवाशर, एस स्पीकर, एक प्रिंटर और एक मैट्रेस बरामद किए गए हैं। एसीपी नगर कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि बीती 27 फरवरी को प्रताप विहार में रहने वाले मयंक सेंगर ने शिकायत दर्ज कराई कि कुछ लोगों ने उनके घर से उनकी मां के तीन सोने के कंगन चोरी कर लिए।
विजयनगर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से तीनों आरोपियों तरुण कुमार, उसकी बहन तनु निवासी गांव कलछीना थाना भोजपुर हाल निवासी मोदीनगर और ओमपाल सिंह निवासी औरंगाबाद चांदौक थाना जहांगीराबाद जनपद बुलंदशहर की पहचान कर उनको गिरफ्तार किया है। आरोपियों से दो सोने के कंगन और तीन हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। सभी का चालान कर दिया गया है।