फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फिल्मी अंदाज में तांत्रिक को सरेराह तलवार से काट डाला, दो युवकों ने दिया वारदात को अंजाम

Sat, 20 Feb 2021 11:28 AM IST
प्राची प्रियम संवाद न्यूज एजेंसी, मुरादनगर
विज्ञापन
मृतक आस मोहम्मद और गुस्साए लोग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मुरादनगर ईदगाह नाला पुलिया के पास शुक्रवार को दिनदहाड़े नया नूरगंज कॉलोनी निवासी तांत्रिक सूफी आस मोहम्मद (50) को फिल्मी अंदाज में तलवार से काटकर मौत के घाट उतार दिया गया। दिल दहलाने वाली इस घटना को बाइक सवार दो युवकों ने अंजाम दिया। 

विज्ञापन


घटना के दौरान हत्यारों ने गांव वालों को भी खुली चुनौती दी कि अगर कोई बीच में आया तो उसे भी काट डालेंगे। इसके बाद हत्यारे हवा में हथियार लहराते हुए बाइक पर फरार हो गए। घटना से गुस्साए लोगों ने हंगामा करते हुए पुलिस का घेराव किया। 

आसपास का बाजार भी बंद कर दिया गया। एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
विज्ञापन


नया नूरगंज कॉलोनी निवासी सूफी आस मोहम्मद परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार में पत्नी शमीम, बेटा जान मोहम्मद, शान, परवेज, जावेद, आदिल, आसिफ व बेटी आयशा हैं। चार बेटे व बेटी की शादी हो चुकी है। आस मोहम्मद तांत्रिक के अलावा मंडी में फलों का कारोबार करते थे। 

साथ ही ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन पोषण करते थे। शुक्रवार को वह ई-रिक्शा लेकर घर से निकले थे। उनके बेटे जान मोहम्मद ने बताया कि सुबह करीब सवा 10 बजे बाइक सवार दो युवक उनके घर आए। दोनों काले कपड़े पहने थे। एक युवक गेट पर आया और पिता के बारे में पूछने लगा, जबकि दूसरा युवक बाइक पर खड़ा रहा। 

जान मोहम्मद ने पिता के ई-रिक्शा लेकर जाने की बात कही तो युवकों ने फोन करके बुलाने को कहा। जान मोहम्मद का कहना है कि फोन करने पर वह बंद मिला, जिसके बाद बाइक सवार युवक जाने लगे। इसी बीच करीब साढ़े 10 बजे आस मोहम्मद ई-रिक्शा लेकर घर के मोड़ पर पहुंचे। 

बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया। आस मोहम्मद कुछ समझ पाते, इससे पहले ही युवकों ने बाल पकड़कर उन्हें ई-रिक्शा से खींच लिया और घसीटकर ईदगाह पुलिया के पास ले गए। वहां तलवार से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी।

Trending Videos

धमकी से डरकर मूकदर्शक बने रहे गांव वाले
दिनदहाड़े वारदात देख गांव के लोग इकट्ठा हो गए। कुछ लोग आगे बढ़े तो हत्यारों ने धमकी दी कि अगर कोई बीच में आया तो उसे भी काट डालेंगे। धमकी से गांव वाले बुरी तरह सहम गए और किसी ने उनका विरोध करने का साहस नहीं किया। 

सभी मूकदर्शक बन खड़े रहे। आस मोहम्मद की हत्या के बाद आरोपी तलवार लहराते हुए बाइक पर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस आस मोहम्मद को अस्पताल ले गई, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

ग्रामीणों ने पुलिस को घेरकर किया हंगामा
हत्या की सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा, सीओ सदर कमलेश पांडेय, एसएचओ मुरादनगर अमित कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, घटना से गुस्साए लोगों ने हंगामा करते हुए पुलिस का घेराव कर दिया। उन्होंने हत्यारों को जल्द पकड़ने की मांग की। 

एसपी ग्रामीण ने लोगों को समझाकर शांत कराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि हमलावर जल्दी पकड़े जाएंगे। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सरेआम हत्या के बाद आसपास के बाजार बंद हो गए। लोगों ने चेतावनी दी, कि हमलावर जल्दी नहीं पकड़े गए तो आंदोलन होगा।

ढाई वर्ष पूर्व घर छोड़कर चले गए थे आस मोहम्मद
बताया गया है कि ढाई वर्ष पूर्व आस मोहम्मद घर छोड़कर चले गए थे। परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी, लेकिन 15 दिन बाद घर लौट आए थे। आस मोहम्मद तंत्रमंत्र व झाड़-फूंक का काम भी करते थे। इलाज के लिए काफी लोग उनके पास आते थे। परिजनों की मानें तो दो साल पहले उन्होंने यह काम बंद कर दिया था और ई-रिक्शा चलाने लगे थे।
 
विज्ञापन

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हत्यारे
पुलिस ने हमलावरों की तलाश में पाइप लाइन मार्ग व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो हत्यारे कैमरे में कैद मिले। पुलिस आस मोहम्मद के बेटे से भी हत्यारों केबारे में पूछताछ कर रही है। हालांकि, उसने उन्हें पहचानने से इनकार कर दिया।

हत्या के पीछे तंत्रमंत्र या कुछ और
हत्या को लेकर पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। परिजनों का कहना है कि कॉलोनी में आस मोहम्मद का किसी से कोई झगड़ा नहीं था। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि आस मोहम्मद ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी बच्चों के साथ गांव जलालपुर में रहती है, जबकि दूसरी पत्नी अन्य स्थान पर अलग रहती है। 

आस मोहम्मद अक्सर दूसरी पत्नी के साथ रहने पहुंच जाते थे। साथ ही वह तंत्र विद्या से संतान प्राप्ति का दावा भी करते थे। पुलिस को अंदेशा है कि हत्या की वजह तंत्र विद्या या दूसरी पत्नी से जुड़ा कोई मामला हो सकता है।

मृतक के बेटे की तहरीर पर अज्ञात हत्यारों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद मिले हैं। फुटेज के आधार पर उनकी पहचान की कोशिश की जा रही है। घटना से जुड़े कुछ सुराग हाथ लगे हैं। उन पर काम किया जा रहा है। 
-डॉ. ईरज राजा, एसपी ग्रामीण
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें