गाजियाबाद। दिवाली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। शासन के निर्देश पर 54 अधिकारियों की 18 टीमें जिले के विभिन्न हिस्सों में औचक निरीक्षण कर रही हैं। प्रत्येक टीम में तीन अधिकारी दूध, पनीर, तेल, घी और मिठाइयों के नमूने ले रहे हैं। अभियान के तहत अब तक 25 प्रमुख प्रतिष्ठानों से कुल 49 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। खाद्य सुरक्षा के सहायक आयुक्त सुरेश मिश्रा ने बताया कि यह अभियान शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए है। उन्होंने कहा कि मानकों के विपरीत सामग्री बेचने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। एसीएफ कार्यालय इस पूरी कार्रवाई की सीधी निगरानी कर रहा है। शाम तक सभी नमूनों का विस्तृत ब्योरा शासन को भेजा जाएगा।