साहिबाबाद। शालीमार सिटी अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) ने मंगलवार को मासिक रखरखाव शुल्क में संशोधन की घोषणा की। यह संशोधित शुल्क 1 अक्तूबर 2025 से लागू होगा। अब तक प्रति वर्ग फुट 1.30 लिए जाते थे, जिसे बढ़ाकर 2.00 प्रति वर्ग फुट कर दिया गया है।
एओए की वार्षिक विशेष बैठक में यह प्रस्ताव बहुमत से पारित हुआ। बैठक में निवासियों और समिति के सदस्यों ने भाग लिया। अध्यक्ष जय शंकर राय ने बताया कि शुल्क वृद्धि आवश्यक है, क्योंकि पिछले कुछ वर्षों में बिजली, पानी, सुरक्षा, हाउसकीपिंग और कर्मचारियों के वेतन जैसी सेवाओं की लागत लगातार बढ़ी है।
शुल्क वृद्धि से मिलने वाली अतिरिक्त राशि का उपयोग सोसायटी की पुरानी लिफ्टों को बदलने, आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाने, क्लब हाउस, स्विमिंग पूल और जिम जैसी सुविधाओं के रखरखाव, स्वच्छता और बागवानी को बेहतर बनाने पर किया जाएगा। अध्यक्ष ने निवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक रुपये का इस्तेमाल पारदर्शिता के साथ सोसायटी के रखरखाव में किया जाएगा।