गाजियाबाद। महाशिवरात्रि नजदीक होने की वजह से लोगों का उत्तराखंड जाने का सिलसिला तेज हो गया है। सोमवार मध्य रात्रि से उत्तराखंड जाने वाली ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। स्टेशन पर भी इसका असर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। इसी को देखते हुए आरपीएफ, जीआरपी ने सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी है।
सावन मास की शिवरात्रि की अपेक्षा इन दिनों में पड़ने वाली महाशिवरात्रि पर गाजियाबाद और दिल्ली एनसीआर से कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार जाने वाले शिवभक्त की संख्या कम रहती थी, लेकिन इस बार इस संख्या में काफी इजाफा हुआ है। आरपीएफ निरीक्षक चेतन प्रकाश ने बताया कि स्टेशन परिसर में सीसीटीवी की संख्या बढ़ाई गई है। महाशिवरात्रि तक पुलिसकर्मियों की आठ आठ घंटे की शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है। स्टेशन परिसर में एक कंट्रोल रूम बनाया है, जिसकी अलग से निगरानी कराई जा रही है। बृहस्पतिवार से भीड़ में और इजाफा होने की संभावना है। जरूरत पड़ने पर होल्डिंग एरिया बनाने पर भी विचार किया जाएगा।
एक घंटे 10 मिनट की देरी से आई पलवल गाजियाबाद ईएमयू
पलवल गाजियाबाद ईएमयू बुधवार को अपने निश्चित समय से एक घंटे 10 मिनट की देरी से चली। इसको गाजियाबाद दोपहर में 1:40 पर पहुंचना था, लेकिन यह 2:50 पर आई।
नई दिल्ली गायिजाबाद ईएमयू आधा घंटे, योग नगरी ऋषिकेश स्पेशल चार घंटे, सीमांचल एक्सप्रेस 35 मिनट, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस आधा घंटे देरी से आई। सवेरे भी 13 से अधिक ट्रेनें अपने निर्धारित समय से तीन घंटे तक देरी से आईं।