गाजियाबाद। महानगर के सभी शिवालयों में महाशिवरात्रि की तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। शिवालयों को रंग-बिरंगे झालरों और फूलों से सजाया गया है। दूधेश्वरनाथ मंदिर में बृहस्पतिवार रात से जलाभिषेक शुरू होगा जो शुक्रवार देर रात तक चलेगा। मंदिर से शिव बरात भी निकाली जाएगी। जलाभिषेक के लिए दूधेश्वरनाथ मंदिर में दो लाख भक्तों के आने की उम्मीद है। इसके लिए मंदिर और उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
डासना शिवशक्ति मंदिर, स्वयंभू मंदिर, मोहन नगर मंदिर, होली चाइल्ड स्थित शिव मंदिर सहित सभी सोसायटी में जलाभिषेक के लिए मंदिर सज गए हैं। दूधेश्वरनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक के लिए आठों प्रहर की बुकिंग हो चुकी है। महाशिवरात्रि के दिन सुबह सात बजे से लेकर दूसरे दिन सुबह छह बजे तक रुद्राभिषेक होगा। मंदिर के आचार्य लक्ष्मीकांत पाढ़ी ने बताया कि भक्त सौभाग्य, विद्या, बुद्धि की कामना कर भगवान शिव का अभिषेक करें तो उसकी पूर्ति होती है। डासना शिवशक्ति मंदिर में भी सुबह तीन बजे से लेकर रात तक के लिए बुकिंग कराई गई है। स्वयंभू मंदिर, होली चाइल्ड स्थित शिव मंदिर सहित सभी शिवालयों में रुद्राभिषेक के लिए बुकिंग है।
12:00 बजे से शुरू हो जाएगा अभिषेक
दूधेश्वरनाथ मंदिर में बृहस्पतिवार को रात 12:00 बजे से जल चढ़ना शुरू होगा जो शुक्रवार आठ मार्च की रात तक चलेगा। मीडिया प्रभारी एसआर सुथार ने बताया कि महाशिवरात्रि का मुख्य मेला सात और आठ मार्च को लगेगा। जलाभिषेक के लिए मंदिर में गंगाजल की भी विशेष व्यवस्था की गई है। मंदिर की सजावट फूलों से और लाइट्स की गई है। जलाभिषेक के लिए छह कतार बनाई है।