गाजियाबाद के साहिबाबाद के मोहननगर की रहने वाली विवाहिता की इंस्टाग्राम पर एक युवक से दोस्ती हुई। यह दोस्ती प्यार में बदल गई। एक साल तक प्रेम संबंध चलने के दौरान फर्रुखाबाद निवासी युवक की भी शादी हो गई। महिला युवक को ब्लैकमेल कर रही थी। ब्लैकमेलिंग से परेशान प्रेमी ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना इलाके के मोहननगर की रहने वाली सोनिया (33) की उसके ही प्रेमी फर्रुखाबाद निवासी किशनपाल ने गला दबाकर हत्या कर दी। महिला का शव 18 जून को उसके ही घर में मिला था। 21 जून को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने जांच शुरू की।
विज्ञापन
महिला के मोबाइल फोन की सीडीआर निकाली तब आरोपी का सुराग मिला। 22 जून की रात पुलिस ने आरोपी किशनपाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर महिला की हत्या करने की बात स्वीकार की है।
एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि सोनिया मोहननगर में दो बच्चों के साथ किराये के मकान में रह रही थीं। उनके पति कमलेश मजदूरी के लिए आठ-दस दिन पहले ही गुजरात गए थे। बताया कि 18 जून की रात करीब आठ बजे सोनिया का शव घर में ही बेड पर पड़ा था।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। शुरुआत में मामला हार्ट अटैक या अन्य प्राकृतिक कारणों से मौत का माना जा रहा था।
गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि
21 जून की शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई। इसके बाद कमलेश ने पत्नी की हत्या के आरोप में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था। एसीपी ने बताया कि जब महिला का मोबाइल घर पर तलाशा गया तब वह गायब था।
उसकी सीडीआर निकलवाई गई तब एक अन्य नंबर मिला। उसकी लोकेशन ट्रेस करने पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। आरोपी किशनपाल फर्रुखाबाद का रहने वाला है। एसीपी ने बताया कि आरोपी को पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
इंस्टाग्राम से हुई थी दोस्ती
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दो वर्ष पहले उसकी दोस्ती सोनिया से इंस्टाग्राम पर हुई थी। तब सोनिया शादीशुदा थी और उसके दो बच्चे भी थे। दोस्ती प्यार में बदली और मिलना-जुलना शुरू हो गया। करीब एक वर्ष पहले उसकी भी शादी हो गई। वर्तमान में उसकी एक माह की बेटी है।
सोनिया उस पर पत्नी को छोड़ने और शादी करने का दबाव बना रही थी। यहां तक कि हर महीने परिवार को प्रेम-संबंध के बारे में बताने की धमकी देकर रुपये भी ऐंठ रही थी। ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर उसने हत्या की योजना बनाई।
18 जून की दोपहर वह महिला के घर पहुंचा और बच्चों के सोने के बाद गले पर दुपट्टा रखकर हाथ से दबा दिया। इसके बाद फर्रूखाबाद स्थित अपनी ससुराल में जाकर छिप गया था।
गले पर न पड़े उंगलियों के निशान इसलिए रखा था दुपट्टा
पूछताछ में आरोपी किशन पाल ने बताया कि वह इस स्तर तक परेशान हो गया था कि उसने कई दिनों तक हत्या की योजना बनाई। इस दौरान उसने गला दबाने पर कैसे हाथों के निशान न हो इसकी जानकारी हासिल की।
18 जून की दोपहर वह महिला के घर पहुंचा और आराम से नहाकर खाना भी खाया। इस दौरान एक पड़ोसी ने उसे घर में देखा भी था। वहीं, शाम करीब 5:21 से 5:50 बजे के बीच वारदात को अंजाम दिया और भाग गया।
वारदात के समय सोनिया का गला दबाने से पहले हाथों को दुपट्टे से लपेट लिया था। वारदात के बाद अपना मोबाइल नंबर भी दूसरी नेटवर्क कंपनी में पोर्ट करवा लिया।