साहिबाबाद। थानाक्षेत्र के करहेड़ा गांव निवासी वीरपाल सिंह ने गाय खरीदने के चक्कर में 76 हजार रुपये गंवा दिए। गाय विक्रेता ने 28 हजार रुपये में सौदा तय कर झांसे में लिया और रकम ट्रांसफर कराई। मामला 24 अप्रैल का है लेकिन पुलिस ने मुकदमा छह महीने बाद 31 अक्तूबर को दर्ज किया।
दर्ज मुकदमे में वीरपाल ने बताया कि उन्होंने यूट्यूब पर गाय विक्रेता की वीडियो देखी थी। वीडियो में दिए हुए मोबाइल नंबर पर उन्होंने कॉल की। इसके बाद बातचीत कर गाय का सौदा 28 हजार रुपये में तय हुआ। इसके बाद जालसाज ने कई बार में अपने बैंक खाते में उनसे 76,367 रुपये ट्रांसफर करा लिए। जब आरोपी ने और रकम की मांग की तब उन्हें साइबर ठगी का पता चला।
उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी लेकिन आरोपी ने रुपये वापस करने से इन्कार कर दिया। यहां तक उनसे संपर्क भी बंद कर दिया। इसकी शिकायत उन्होंने साइबर अपराध पोर्टल पर की। पोर्टल से शिकायत थाने तक पहुंचने में छह महीने लग गए। अब जाकर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि बैंक खाते को ट्रेस कर आरोपी की जानकारी ट्रेस की जा रही है। जल्द ही आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।