गाजियाबाद के लोनी में बुजुर्ग तांत्रिक के साथ मारपीट और दाढ़ी काटने व भड़काऊ वीडियो मामले में केस दर्ज होने के बाद तथा किसी भी मामले में रिप्लाई न मिलने पर पुलिस की नाराजगी देखते हुए ट्विटर ने कदम उठाया है। इसके तहत ट्विटर की तरफ से गाजियाबाद पुलिस के पास एक मेल आया है।
जिसमें किसी भी केस के मामले में जानकारी लेने के लिए नई ईमेल आईडी दी है। साथ ही ट्विटर ने यह हवाला भी दिया है कि दो दिन पहले शिकायत अधिकारी भी नियुक्त कर दिया गया है। बता दें कि गत 5 जून को बुजुर्ग तांत्रिक के साथ हुई घटना की वीडियो 14 जून को सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी।
साथ ही वीडियो ट्विटर पर भी ट्रेंड हुआ था। जिसके जरिये कुछ लोगों ने मामले को सांप्रदायिक रुपये देने की कोशिश की थी। माहौल बिगड़ता देख लोनी बॉर्डर पुलिस ने 15 जून को ट्विटर समेत नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। 16 जून को साइबर सेल ने ट्विटर को नोटिस भेजकर 12 बिंदुओं पर जानकारी मांगी थी।
इसके अलावा 17 जून को लोनी बॉर्डर पुलिस ने ट्विटर इंडिया के एमडी को नोटिस भेजकर सात दिन के अंदर थाने आकर बयान दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। इसके अलावा यह बात भी सामने आई थी कि ट्विटर ने पुलिस को आज तक किसी मेल का जवाब नहीं दिया।