बुजुर्ग तांत्रिक के साथ मारपीट कर दाढ़ी काटने के मामले में भड़काऊ वीडियो वायरल करने का आरोपी उम्मेद पहलवान पुलिस से डरकर बार-बार अपनी जगह बदल रहा था। उसे डर था कि पुलिस उसे गोली मारकर गिरफ्तार करेगी, इसी वजह से वह सरेंडर करने की फिराक में था।
यह बात उसने जिले के एक पुलिस अधिकारी से वॉट्सएप पर हुई बातचीत के दौरान बताई भी थी। साथ ही पुलिस के पास जाने से साफ इंकार कर दिया था। उसने न्यूज चैनल पर भी यही कहा था कि वह एसएसपी के पास खुद जाएगा। गिरफ्तार हो जाने पर उसने यह भी कहा कि उसे डर था कि कहीं उसके साथ कार पलटने वाला सीन न हो जाए।
पुलिस के मुताबिक केस दर्ज होने से पहले उम्मेद बुलंदशहर गया था। बुधवार को जिस वक्त पुलिस उसके खिलाफ केस दर्ज कर रही थी, वह अनूपशहर से फेसबुक लाइव कर रहा था। पुलिस के पहुंचने से पहले ही उसने बुलंदशहर छोड़ दिया। बृहस्पतिवार को वह नोएडा सेक्टर-16 फिल्म सिटी में रुका।
यहां उसने एक टीवी चैनेल में लाइव आकर अपनी बात रखी। इसके बाद उसने दिल्ली के जामिया में एक रात बिताई। शुक्रवार सुबह होते-होते वह कादिरनगर दिल्ली निवासी एक दोस्त के यहां पहुंचा। यहां से वह टैंक रोड भी गया। शनिवार को आरोपी दिल्ली के लोक नारायण जयप्रकाश अस्पताल के पास पहुंचा और अपने एक साथी को भी बुलाया।