\n\nकोरोना से बचाव को सभी सोसायटी खरीद रही मशीनें\n\n- सरकारी तंत्र के भरोसे न रहकर हर कोई खरीद रहा सैनिटाइजेशन मशीन\n\n- अब तक टीएचए की 50 प्रतिशत सोसायटियों ने खरीद ली है सैनिटाइजेशन और फॉगिंग मंशीन\n\n- आरडब्ल्यूए ने कहा सील होने से अच्छा है पहले ही सचेत और सुरक्षित रहा जाए\n\nमाई सिटी रिपोर्टर\n\nसाहिबाबाद। कोरोना संक्रमण से अपनी और सोसायटी के बचाव के लिए अब आरडब्ल्यूए सरकारी तंत्र के भरोसे नहीं रहना चाहते। यही वजह है कि एक के बाद एक सोसायटी लगातार रेजिडेंट्स के बचाव को सैनिटाइज और फॉगिंग मशीन खुद ही खरीद रही है। टीएचए की करीब 70 फीसदी सोसायटियों में यह मशीन खरीदी जा चुकी है।\n\nबता दें कि कोरोना संक्रमण के पहले चरण में ही विभिन्न आरडब्ल्यूूए ने थर्मल स्क्रिनिंग मशीन खरीद ली थी और सोसायटी के गेट पर जांच के बाद ही लोगों को अंदर आने दिया जा रहा था। इसके बाद लॉक डाउन में भी आरडब्ल्यूए ने सकारात्मक भूमिका निभाते हुए जिला प्रशासन के बनाए नियमों का सख्ती से पालन कराया। वहीं अब जब नगर निगम व जिला प्रशासन लोगों की डिमांड पर हर जगह एक ही समय सैनिटाइजेशन कराने में असफल साबित हो रही है। ऐसे में सभी आरडब्ल्यूए अब मेंटेनेंस फंड से व आपसी चंदा कर सैनिटाइज व फॉगिंग मशीन तक खरीद रही है। वसुंधरा, वैशाली व इंदिरापुरम सभी जगह लगभग सभी सोसायटियों ने सैनिटाइज मशीन खरीद ली है और जिन्होंने नहीं खरीदी है इसे खरीदने की तैयारी कर रहे हैं। वसुंधरा की मनोकामना सोसायटी, वसुंधरा सेक्टर-1 एलआईजी अपार्टमेंट, शिखर एंक्लेव, ऑलिव काउंटी, आश्रय सोसायटी आदि सभी ने अपने यहां सैनिटाइज व फॉगिंग मशीन खरीद ली है। वहीं इंदिरापुरम की भी विभिन्न सोसायटी मसलन कृष्णा अपपरा गार्डन, क्लाउड नाइन, शिप्रा आदि सोसायटी में भी बिल्डिंग को खुद से ही सैनिटाइज कराए जाने की व्यवस्था की गई है। एओए फेडरेशन पदाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि हाईराइज सोसायटी में आरडब्ल्यूए ने सुरक्षा के लिए कई एहतियात बरते हैं। अब कोरोना से बचाव आरडब्ल्यूए की पहली प्राथमिकता है। ऐसे में हर कोई अपने स्तर से अलर्ट है। इसके साथ ही लिफ्ट के अंदर और बाहर सैनिटाइजर रखवाना और सोसायटी में रह रहे बुजुर्गों को सेवा प्रदान करना आरडब्ल्यूए की जिम्मेदारी है और वह इसे बाकायदा निभा भी रही है।\n\n-------------\n\nनिशा ठाकुर\n\n\n