माई सिटी रिपोर्टर साहिबाबाद। साहिबाबाद स्थित राजेंद्र क्लब के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने सामने से आ रहे बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक घायल हो गया। पीछे से बाइक पर आ रहे घायल के भाई और जीजा उसे नजदीक के अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पीड़ित परिजनों ने कार नंबर के आधार पर साहिबाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। करहेड़ा गांव में मनोज कुमार परिवार के साथ रहते थे। वह साहिबाबाद की एक निजीकंपनी में काम करते थे। वह अपनी बाइक से ड्यूटी करने जा रहे थे। जैसे ही वह राजेंद्र क्लब के पास पहुंचे इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित आल्टो कार ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी।टक्कर तेज थी वह सड़क पर गिर गए। इसी दौरान उनके भाई नीरज अपने जीजा के साथ बाइक पर ड्यूटी जा रहे थे। रास्ते में सड़क हादसे में घायल भाई को पास के निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया। एसएचओ साहिबाबाद अनिल शाही ने बताया कि कार नंबर के आधार पर परिजनों की ओर से शिकायत दी गई है। रिपोर्ट दर्ज कर कार चालक की तलाश की जा रही है।