\n\nकोरोना के साथ जीना है तो फिट रहना जरूरी\n\n- योग की ओर बढ़ रहे लोग, टीएचए में शरू हुई ऑनलाइन क्लासेज\n\n- पहले पार्क में लगती थी अब ऑनलाइन रहकर घरों में लगाई जा रही क्लास\n\n- सुबह 5ः30 बजे से शुरू हो जाती है क्लास\n\nमाई सिटी रिपोर्टर\n\nसाहिबाबाद। लॉक डाउन-3 के बीच लगातार कोरोना के साथ रहने की आदत डालने की बात को अब लोग भी स्वीकारने लगे हैं। कोरोना के साथ रहने के लिए इससे जंग जारी है और लोग अपनी इम्यूनिटी क्षमता जहां आयुर्वेद तरीके से बढ़ा रहे हैं। वहीं जीवन में योग का महत्व और अधिक बढ़ गया है। यही वजह है कि टीएचए के पार्कों में लगने वाली योग क्लासेज अब फिर से शुरू हो चुकी है। फर्क सिर्फ इतना है कि पहले यह क्लास जहां पार्क में लगती थी अब घरों में लग रही है।\n\nलॉक डाउन-2 तक जहां लोग ऑनलाइन विडियो देखकर योगाभ्यास कर रहे थे। वहीं लॉक डाउन-3 में अब स्थानीय योग समितियों ने निःशुल्क ऑनलाइन क्लासेज शुरू कर दी है। वैशाली और वसुंधरा के पार्कों में नियमपूर्वक हर रोज सुबह योगशाला लगती थी। अब यही योगशाला ऑनलाइन लग रही है। वैशाली सेक्टर-6 के पार्क में पिछले आठ माह से भारतीय योग संस्थान की ओर से निःशुल्क क्लास लगाई जा रही थी। सर्दियों में बहुत से लोगों ने पार्क में आना छोड़ दिया था वहीं 20 लोग निरंतर बने हुए थे। लॉक डाउन की वजह से पिछले दिनों यह क्लास बंद हो चुकी थी। लॉक डाउन-3 शुरू होने के बाद लोगों ने तय किया किया योग क्लास फिर से शुरू की जाए। ऐसे में यह योगशाला अब प्रतिदिन सुबह 5ः30 बजे लगने लगी है। ऑनलाइन इस योग क्लास मेें वैशाली व वसुंधरा के कई लोग जुड़ गए हैं। भारतीय योग संस्थान के हेड देशराज गुप्ता ने बताया कि योग करने से ही लोग फिट भी रहेंगे और इम्यूनिटी भी बढ़ेगी। देशराज ने बताया कि अब घर से ही ऑनलाइन योग में बड़ों के साथ बच्चे भी शामिल हो रहे हैं। देशराज ने बताया कि जब तक लॉक डाउन खुल नहीं जाता है तब तक योग क्लास निरंतर ऑनलाइन ही चलती रहेगी। अब इस योग क्लास में हर रोज एक आयुर्वेद टिप्स भी बताया जाता है जिसे लोग अपना रहे हैं।\n\n-----------\n\nनिशा ठाकुर\n\n\n