\n\nरेहड़ी वालों से परेशान हैं शालीमार गार्डन के लोग\n\n- रेजिडेंट्स ने की शिकायत लगातार बढ़ रही सब्जी वालों की गतिविधियां\n\n- एक ठेले पर रहते हैं कई लोग, जिनके असामाजिक तत्व होने की है संभावना\nमाई सिटी रिपोर्टर\n\nसाहिबाबाद। लॉक डाउन के बीच शालीमार गार्डन में लगातार सब्जी वालों की बढ़ती संख्या से स्थानीय निवासी काफी परेशान हो गए हैं। लागातार सोसायटियों में पहुंच रहे नए-नए चेहरों से परेशान स्थानीय लोगों ने स्थानीय पुलिस चौकी में भी इस मामले की शिकायत की है। दरअसल पिछले कुछ दिनों से लगातार सब्जी और फल वालों की संख्या सोसायटी के मुख्य सड़कों पर बढ़ गई है।\n\nशालीमार गार्डन निवासी संजीला झा ने बताया कि लॉक डाउन में नए-नए लोग सब्जी लेकर सोसायटियों में बेचने आने लगे। यहां तक कि एक ही रेहड़ी पर दो से तीन लोग होते हैं। इनमें अधिकतर 17 से 22 साल तक के ही लड़के होते हैं। ऐसे लड़कों को पहले सब्जी बेचते हुए कभी नहीं देखा गया था। शुरुआत में तो लोगों ने गौर नहीं किया लेकिन जब इनकी आवा-जाही लगातार बढ़ती ही गई तो लोगों ने तर्क किया और आरडब्ल्यूए से इस मामले की शिकायत की। ट्रांस हिंडन फेडरेशन पदाधिकारी जय दीक्षित का कहना है कि शुरू में भी लोगों को इस मामले में आगाह किया गया था लेकिन लोग नहीं माने। अब शहर में बढ़ी चोरी की समस्या के बाद लोग सचेत हुए हैं। जय दीक्षित ने बताया कि दो दिन पूर्व तो शालीमार गार्डन की मुख्य सड़क पर इतने अधिक सब्जी की रेहड़ी लगी थी कि सोशल डिस्टेंशिंग और लॉक डाउन का लोगों ने कुछ ख्याल ही नहीं रखा। ठेलियों पर जुटती भीड़ देखकर पुलिस चौकी में फोन किया गया और यहां से रेहड़ियां हटाईं गईं। शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-दो निवासी पंकज ने बताया कि दिन भर में यह सब्जी वाले सड़कों पर कई चक्कर काटते हैं। इस दौरान यह लोग जोर-जोर से आवाजें लगाते हैं, जिसकी वजह से परेशानी बढ़ गई है हालांकि पुलिस में कंप्लेन करने के बाद से थोड़ी राहत मिली है।\n\n----------\n\nनिशा ठाकुर\n\n\n