अभी अस्पतालों में नही शुरू होगी जनरल ओपीडी - शासन ने निर्देश जारी कर कहा संक्रमण बढ़ने का है खतरा - पीपीई किट और मास्क पहनकर जरूरी मरीजों का किया जाय इलाज माई सिटी रिपोर्टर गाजियाबाद। जिले में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच प्राइवेट डाक्टरों की ओपीडी खोलने को लेकर मचे हाय तोबा के बीच शासन ने निर्देश जारी कर दिया है कि अभी सामान्य ओपीडी न खोली जाए। कोरोन संक्रमण के शुरुआती दौर में ही लॉकडाउन शुरू होने के बाद से ही प्राइवेट डाक्टरों की क्लीनिक एवं नर्सिंग होम की ओपीडी बंद करा दी गई थी। इसके बाद से अब तक दोबारा ओपीडी शुरू नहीं हो सकी। आईएमए ने भी प्रशासन से मिलकर काफी फरियाद कर ली, इसके बावजूद हवाला दिया गया है कि अभी सामान्य ओपीडी शुरू न की जाए, क्योंकि इससे कोरोना का संक्रमण फैलने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है। हालांकि आदेश में यह भी कहा गया है कि गंभीर मरीजों का इलाज पीपीई किट पहनकर और मास्क लगाकर ही इलाज किया जाए। उपमुख्य चिकित्साधिकारी डा. संजय अग्रवाल ने शासनादेश का हवाला देते हुए बताया है कि अभी सिर्फ गंभीर मरीजों के लिए वहीं पर उपचार शुरू किया जाए, जहां पर उन्हें भर्ती करने की सुविधा हो यानि अभी सिर्फ बड़े अस्पतालों में ही मरीजों का उपचार किया जाएगा। आईएमए के अध्यक्ष डा. वीबी जिंदल का कहना है कि सबसे बड़ी मुश्किल है कि क्लीनिक चलाने के लिए ज्यादातर डाक्टरों ने किराए पर भवन या कमरे ले रखे हैं। पिछले दो महीने से लगातार क्लीनिक बंद होने से किराया भी तेजी से बढ़ रहा है, इससे डाक्टर भी परेशान हैं। आईएमए अध्यक्ष का कहना है कि प्रशासन से मिलकर बात किया जाएगा। ----------------- आशुतोष यादव